कोरबा झूठी शिकायत साबित, प्रकरण खारिज फिर भी 6 माह से सील दुकानों का नहीं खुला ताला, व्यवसायियों ने दी SDM कार्यालय घेराव की चेतावनी

Must read

झूठी शिकायत साबित, प्रकरण खारिज फिर भी 6 माह से सील दुकानों का नहीं खुला ताला, व्यवसायियों ने दी SDM कार्यालय घेराव की चेतावनी

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कोरबा/बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा मुख्य चौक स्थित पांच दुकानों को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में कटघोरा एसडीएम न्यायालय द्वारा शिकायतकर्ता नरेंद्र शर्मा के दावे को निराधार मानते हुए प्रकरण खारिज कर दिया गया है। इसके बावजूद संबंधित दुकानों की सील अब तक नहीं खोले जाने से प्रभावित व्यवसायियों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है। व्यवसायियों का कहना है कि न्यायालय से राहत मिलने के बाद भी उन्हें प्रशासनिक स्तर पर न्याय नहीं मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता नरेंद्र शर्मा ने बांकीमोंगरा मुख्य चौक स्थित पांच दुकानों पर अपना स्वामित्व बताते हुए कटघोरा एसडीएम न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया था। मामले की जांच के दौरान प्रशासन ने एहतियातन करीब छह माह पूर्व पांचों दुकानों को सील कर दिया था। इसके बाद न्यायालय में दोनों पक्षों के दस्तावेजों एवं तथ्यों की विस्तृत जांच की गई।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित व्यवसायी पिछले लगभग 27 वर्षों से उक्त स्थान पर व्यापार कर रहे हैं और वर्षों से नियमित रूप से अपनी दुकानें संचालित कर रहे थे। जांच के आधार पर शिकायतकर्ता के दावों को प्रमाणित नहीं पाया गया तथा शिकायत को तथ्यहीन एवं निराधार मानते हुए 15 मई 2026 को कटघोरा एसडीएम न्यायालय ने प्रकरण को खारिज कर दिया।

प्रकरण खारिज होने के बाद व्यवसायियों को उम्मीद थी कि उनकी दुकानों की सील तत्काल खोल दी जाएगी, लेकिन आदेश के करीब दो सप्ताह बाद भी दुकानों पर लगी सील नहीं हटाई गई है। इससे प्रभावित व्यापारी आज भी अपनी दुकानों के सामने खुले आसमान के नीचे अस्थायी रूप से व्यापार करने को मजबूर हैं।

व्यवसायियों का कहना है कि भीषण गर्मी और 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच खुले में व्यवसाय करना उनके लिए अत्यंत कठिन हो गया है। इसके कारण आर्थिक नुकसान के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। व्यापार प्रभावित होने से परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित व्यवसायियों ने इस पूरे मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से करते हुए सील हटाने और शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब न्यायालय ने शिकायत को खारिज कर दिया है, तब दुकानों को बंद रखने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।

व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दुकानों की सील नहीं खोली गई और प्रशासन ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की, तो वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों के सहयोग से कटघोरा एसडीएम कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

More articles

Latest article