कोरबा: बर्थडे पार्टी के बाद खूनी विवाद, बोलेरो कैंपर से कुचलकर युवक की हत्या, आरोपी फरार
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। घटना 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार दीपका क्षेत्र के 10–12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे, जहां केक काटने और पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल कुमार सिंह के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि रिजॉर्ट के अंदर शुरू हुआ विवाद चेक-आउट के बाद बाहर सड़क तक पहुंच गया। इसी दौरान दोनों के बीच फिर से बहस हुई। आरोप है कि गुस्से में तुषार ढांडा अपने बोलेरो कैंपर वाहन में बैठा और वाहन को उज्जवल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल उज्जवल कुमार सिंह (36 वर्ष), पिता चंद्रमा सिंह, निवासी दीपका को उसके साथियों ने तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
सूत्रों के अनुसार घटना स्थल और रिजॉर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि पूरी घटना कैमरे में कैद हो सकती है, लेकिन अभी तक कोई सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फुटेज और घटना के वास्तविक क्रम को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।


