कोरबा बांकीमोंगरा थाना व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, चोरी किए गए बिजली तार, लोहे के उपकरण, मोबाइल व सायकल बरामद

Must read

बांकीमोंगरा थाना व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, चोरी किए गए बिजली तार, लोहे के उपकरण, मोबाइल व सायकल बरामद

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघाली लोकहित क्षेत्र में विद्युत तार चोरी मामले में कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना बांकीमोंगरा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए विद्युत तार, बिजली खंभों में लगे लोहे के उपकरण, मोबाइल फोन एवं सायकल बरामद किया है।

मामले में प्रार्थी छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कटघोरा के सहायक अभियंता रंजीत पैकरा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 12 और 13 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने सिंघाली लोकहित क्षेत्र में विद्युत पोल को क्षतिग्रस्त कर लगभग 3100 मीटर विद्युत तार चोरी कर लिया था। शिकायत के आधार पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित पतासाजी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राजीवनगर कटघोरा निवासी कबाड़ी दुकान संचालक मनोज कुमार साहू उर्फ मोनू, अमरपुर सिंघाली निवासी विजयपाल कंवर, सिंघाली बस्ती निवासी शेखर सिंह अगरिया, अनुप कुमार चौहान तथा जवाली निवासी मोहनलाल रोहिदास शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को 20 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।

कोरबा पुलिस ने कहा है कि जनहित से जुड़ी विद्युत संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

More articles

Latest article