बांकीमोंगरा में अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप जब्त
थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा |
बांकीमोंगरा पुलिस ने अवैध रूप से कबाड़ का परिवहन करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया है। वाहन में लगभग 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप एवं अन्य सामान भरा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 नवंबर 2026 को सहायक उपनिरीक्षक चक्रधर सिंह राठौर अपने हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 779 एवं 742 के साथ टाउन पेट्रोलिंग पर रवाना थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बांकी से कुसमुंडा की ओर एक वाहन में अवैध कबाड़ ले जाया जा रहा है।
सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम घुड़देवा 3-4 खदान के पास मुख्य मार्ग पर पहुंची। कुछ देर बाद बांकीमोंगरा की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक UP 96 AT 2495 को रोककर जांच की गई। वाहन में लगभग 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप एवं अन्य सामान लोड मिला।
वाहन चालक ने अपना नाम प्रथम यादव उर्फ निक्कू, पिता स्व. दुकालु यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी बरभांठा, कसनिया मोड़, थाना कटघोरा, जिला कोरबा बताया। पुलिस द्वारा कबाड़ से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन चालक कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
चुराई हुई संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष लगभग 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप एवं अन्य सामान सहित महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर इस्तगासा क्रमांक 04/26 पंजीबद्ध किया है।
पुलिस के अनुसार, कबाड़ का सामान दीपक साहू उर्फ ललुआ, निवासी लखनपुर, कटघोरा का होना बताया गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।











