बालपुर स्टेशन के पास नहर में मिला शव, हर्ष दास महंत के रूप में हुई पहचान
जांजगीर-चांपा/कोरबा। कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में मड़वारानी से बालपुर की ओर जाने वाली नहर में बालपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, एक दिन पहले मड़वारानी क्षेत्र की नहर में भी शव दिखाई देने की सूचना सामने आई थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नहर के तेज बहाव के साथ शव बहकर बालपुर तक पहुंचा होगा। हालांकि, शव वास्तव में कहां से नहर में आया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
शव का वीडियो सामने आने के बाद संभावित मृतक के परिजन बालपुर पहुंचे। परिजनों ने शव की पहचान 12-13 वर्षीय हर्ष दास महंत के रूप में किए जाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि हर्ष कोरबा का रहने वाला था और सोमवार से लापता था। परिजनों के मुताबिक, वह एक दोस्त के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वापस घर नहीं लौटा।
वहीं, बताया जा रहा है कि मंगलवार को मड़वारानी क्षेत्र में नहर के पास शव दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों ने 112 की टीम को दी थी। ग्रामीणों की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि उस समय सूचना को गंभीरता से नहीं लिया गया। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस या संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।
फिलहाल चांपा पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है। शव की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हर्ष नहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।










