“गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से गूंजा विद्यालय परिसर
पोंड़ी। इंडियन पब्लिक स्कूल पोंड़ी में गणेशोत्सव का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के साथ हुआ। विद्यालय में स्थापित गणपति बप्पा की प्रतिमा को विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार ने भक्तिभाव के साथ विदाई दी।
विसर्जन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम डायरेक्टर राकेश मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वहीं एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्रा, प्रिंसिपल संतोष देवनाथ एवं हेडमास्टर अनिल कश्यप का विशेष मार्गदर्शन रहा। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिकाएं हिना वर्मा, भारती कश्यप, ममता सोनी, अनीता सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
श्रद्धा और उत्साह के बीच गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान सभी ने अगले वर्ष भगवान श्री गणेश के पुनः आगमन की कामना की।
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट।










