केराकछार की संजू देवी यादव ने एशियन गेम्स में जीता गोल्ड
सांसद ज्योत्सना महंत ने दी बधाई, मुख्यमंत्री से सरकारी नौकरी देने की मांग
कोरबा। कोरबा जिले के पाली-तानाखार क्षेत्र के ग्राम केराकछार की बेटी संजू देवी यादव ने एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश, छत्तीसगढ़ और कोरबा का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। जापान के आइची-नागोया में आयोजित खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में ईरान को 37–34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
संजू देवी यादव भारतीय महिला कबड्डी टीम की अहम सदस्य रहीं और इस ऐतिहासिक जीत की भागीदार बनीं। उनकी सफलता पर पूरे कोरबा जिले में खुशी का माहौल है, वहीं ग्रामीण अंचल की इस बेटी की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया जा रहा है।
कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने संजू देवी यादव एवं पूरी भारतीय महिला कबड्डी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि संजू ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की बेटियों का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों की युवा खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा बनेगी।
सांसद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और खेल मंत्री से मांग की है कि संजू देवी यादव को उनकी योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी प्रदान कर सम्मानित किया जाए। साथ ही उन्होंने संजू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन का भरोसा भी दिलाया।










