सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर-एसपी सख्त, ब्लैक स्पॉट सुधार और नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कोरबा, 04 अगस्त। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा सुधार कार्य, अतिक्रमण हटाने, रोड शोल्डर की मरम्मत, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं बालको ऐश डेक रोड से बजरंग चौक मार्ग की मरम्मत के लिए ट्रैफिक डायवर्सन की व्यवस्था करने को कहा।
रिस्दा ब्रिज मामले में सख्ती
रिस्दा ब्रिज की मरम्मत का प्रस्ताव समय पर प्रस्तुत नहीं करने पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (सेतु) के एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
हाईवे पर अवैध पार्किंग हटेगी
राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढाबों और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों, अतिक्रमण और अन्य बाधाओं पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्धारित पार्किंग स्थलों के संकेत बोर्ड लगाने को कहा गया।
स्कूलों में चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को प्रत्येक सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में हेलमेट रैली, निबंध, क्विज और नुक्कड़ नाटक जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए।
नाबालिग चालकों पर विशेष अभियान
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने नाबालिग वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर कलेक्टर देबेन्द्र पटेल एवं ओंकार यादव, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


