होली मिलन बना शक्ति प्रदर्शन, स्वर्ण सिटी में उमड़ा जनसैलाब, जयसिंह अग्रवाल का कार्यक्रम रहा सब पर भारी
ऊर्जा नगरी कोरबा में इस वर्ष होली का पर्व केवल रंग-गुलाल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शहर की राजनीति में भी इसका रंग साफ दिखाई दिया। शहर में आयोजित विभिन्न होली मिलन समारोहों को आम लोग राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रहे थे। इन आयोजनों में सत्ता में न रहते हुए भी पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का होली मिलन समारोह सबसे अधिक चर्चा में रहा, जहां हजारों लोगों की मौजूदगी ने पूरे कार्यक्रम को जनसमर्थन के बड़े प्रदर्शन में बदल दिया।
दर्री रोड स्थित स्वर्ण सिटी में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में जिले भर सहित आसपास के कई जिलों से भी लोग पहुंचे। दर्री, जमनीपाली, बालको, कटघोरा, पाली, हर्दीबाजार, गेवरा के अलावा पेंड्रा-गौरेला-मरवाही और बिलासपुर से बड़ी संख्या में लोग समारोह में शामिल हुए। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक यहां उपस्थित रहे।
समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया और परंपरागत रूप से अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गईं। ढोलक की थाप और फाग गीतों की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम की विशेषता यह भी रही कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हर्बल गुलाल का उपयोग किया गया।
इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि वर्ष भर में किसी से अनजाने में कोई गलती हुई हो तो उसे भूलकर प्रेम और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाएं।
उल्लेखनीय है कि श्री अग्रवाल कई वर्षों से अपने निवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन करते आ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष उमड़ी अभूतपूर्व भीड़ ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने यह संदेश भी दिया कि जनता के बीच सक्रिय रहने वाला और हर समय उपलब्ध रहने वाला नेतृत्व ही सच्चे अर्थों में जननेता होता है।
वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं द्वारा शहर में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होली मिलन समारोह अपेक्षित भीड़ नहीं जुटा सके। पार्टी के भीतर गुटबाजी और अलग-अलग आयोजनों के कारण कई कार्यक्रम सीमित समर्थकों तक ही सिमटते नजर आए। पार्टी अध्यक्ष, महापौर, शहर विधायक,मंत्री के अलग-अलग कार्यक्रमों के चलते भाजपा का सामूहिक शक्ति प्रदर्शन फीका पड़ता दिखाई दिया।
कुल मिलाकर इस बार कोरबा में होली मिलन समारोह केवल सामाजिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि शहर की राजनीति में जनसमर्थन की झलक दिखाने वाला मंच भी बन गया, जिसमें भीड़ और उत्साह के मामले में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का आयोजन सबसे आगे नजर आया।









