⚡ “43 डिग्री की तपिश में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही!… बरपाली में बार-बार बिजली गुल, लो वोल्टेज से जनता बेहाल”
कोरबा जिले के बरपाली क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग की लापरवाही अब आम लोगों पर भारी पड़ने लगी है। जहां एक ओर तापमान 41 से 43 डिग्री के बीच पहुंच चुका है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में लगातार बिजली की आंख-मिचौली और लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं।
स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को घर के अंदर भी राहत नहीं मिल पा रही। दिनभर बिजली का आना-जाना जारी रहता है, तो कई मोहल्लों में लो वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और अन्य उपकरण सही तरीके से नहीं चल पा रहे। भीषण गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और खराब व्यवस्था के कारण हर साल गर्मी में यही हालात बनते हैं, लेकिन सुधार के नाम पर केवल आश्वासन मिलता है। कहीं ट्रिपिंग तो कहीं अचानक सप्लाई बंद होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बरपाली क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह “अप-डाउन सिस्टम” का शिकार नजर आ रही है। लोगों का कहना है कि जब सबसे ज्यादा जरूरत बिजली की होती है, उसी समय कटौती और लो वोल्टेज की समस्या बढ़ जाती है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर भीषण गर्मी में आम जनता को राहत देने के लिए बिजली विभाग क्या कदम उठा रहा है? या फिर लोग इसी तरह गर्मी और बिजली संकट के बीच परेशान होते रहेंगे।


