रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, कलेक्टर को फोन पर बताई समस्याएं
कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया ने धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक राठिया भैसमा, तिलकेजा, तुमान, चिकनीपाली एवं लबेद स्थित धान खरीदी केंद्रों में पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। कई केंद्रों पर धान तौल, बारदाना, भुगतान में देरी एवं अन्य व्यवस्थागत समस्याओं की जानकारी सामने आई। विधायक फूल सिंह राठिया ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल फोन के माध्यम से कलेक्टर कोरबा को अवगत कराया और शीघ्र समाधान के निर्देश देने की मांग की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष मनोज चौहान, जनपद सदस्य पताढ़ी अनिल खूंटे, विधायक प्रतिनिधि प्रवीण ओगरे, इब्राहिम फारुकी, प्रमोद श्रीवास, अनुप चन्द्रा एवं बिसाहू पटेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी व सुचारू रूप से संचालित कराना उनकी प्राथमिकता है।









