तेज रफ्तार ट्रेलर घर में घुसा, गर्भवती महिला की मौत
कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार बाजार पारा गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे में आंगन में बर्तन धो रही गर्भवती महिला शशि बाई सूर्यवंशी (25) की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। बलौदा की ओर से आ रहा ट्रेलर (CG 10 BP 5301) अचानक नियंत्रण खो बैठा और भोलाराम सूर्यवंशी के घर की दीवार तोड़ते हुए सीधे आंगन तक पहुंच गया। उस समय शशि बाई आंगन में काम कर रही थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
मृतका के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी ने बताया कि वे खाना खाने के बाद कमरे में आराम कर रहे थे, तभी तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आंगन में खेल रहे बच्चे चीखते हुए भागे, जिससे उनकी जान बच गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।









