बरपाली में बढ़ती चोरी की वारदातें: निजी ट्रांसफार्मर तोड़कर कीमती सामान ले उड़े चोर, उरगा थाना क्षेत्र का है मामला
कोरबा–चांपा मार्ग पर स्थित बरपाली क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आए दिन हो रही वारदातों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और उरगा थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
ताजा मामला बरपाली का है, जहां शिवांश खत्री की जमीन पर लगाए गए निजी ट्रांसफार्मर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने ट्रांसफार्मर को तोड़फोड़ कर उसके अंदर लगे कीमती उपकरण और सामान निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी बरपाली क्षेत्र में इसी तरह की चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उनका आरोप है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें पुलिस का डर भी नहीं रह गया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बरपाली सहित आसपास के गांवों में लोगों का सुरक्षा के प्रति भरोसा कायम रह सके।









