कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का कब्जा, जनता परेशान — हादसे का बढ़ा खतरा
कोरबा जिले के ग्राम पताढ़ी स्थित गुरुगद्दी क्षेत्र में इन दिनों अव्यवस्था चरम पर पहुंच चुकी है। कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की लंबी कतार ने आम नागरिकों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। सड़क के एक तरफ पेट्रोल-डीजल के इंतजार में खड़े टेलरों की लाइन लगी हुई है, तो दूसरी ओर अदानी पावर प्लांट में कोयला खाली करने अपनी बारी का इंतजार कर रहे भारी वाहनों को नियमों की अनदेखी करते हुए मुख्य सड़क किनारे डबल लाइन में खड़ा कर दिया गया है।
सड़क के दोनों तरफ अव्यवस्थित तरीके से खड़े इन भारी वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। बाइक चालक, स्कूली बच्चे, एंबुलेंस और आम राहगीर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। कई जगहों पर सड़क इतनी संकरी हो चुकी है कि एक साथ दो वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अदानी पावर प्लांट के लिए कोयला परिवहन कर रहे वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य मार्ग को ही अस्थायी ट्रांसपोर्ट नगर बना दिया गया है। नियमों को ताक पर रखकर सड़क किनारे डबल लाइन में खड़े किए गए टेलर न केवल जाम की स्थिति पैदा कर रहे हैं, बल्कि बड़े हादसों को भी खुला न्योता दे रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल संकट ने हालात और खराब कर दिए हैं। ईंधन भरवाने के लिए अलग से लगी भारी वाहनों की कतार ने आम लोगों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। तपती गर्मी, धूल और घंटों लगने वाले जाम से लोग परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और प्रशासन अब तक मूकदर्शक बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मुख्य मार्ग से भारी वाहनों की लाइन हटाने, अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है।


