वर्षों की गुहार रंग लाई: 90% दिव्यांग राजेश कश्यप को आखिरकार मिली इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल, चेहरे पर लौटी मुस्कान
जांजगीर-चांपा। वर्षों से इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल की मांग को लेकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे 90 प्रतिशत दिव्यांग राजेश कुमार कश्यप की लंबी प्रतीक्षा आखिरकार खत्म हो गई। कई आवेदन, जनदर्शन में गुहार और जनप्रतिनिधियों से सिफारिश के बावजूद लंबे समय तक सहायता नहीं मिलने के बाद अब उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई है।
राजेश कुमार कश्यप ने वर्ष 2024 से लगातार इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल की मांग उठाई थी। उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविर, कलेक्टर जनदर्शन सहित कई मंचों पर अपनी मजबूरी बताई, लेकिन लंबे समय तक उनकी सुनवाई नहीं हुई। इस मुद्दे को भीम गंगा न्यूज़ ने भी प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित किया था, जिसके बाद यह मामला लगातार चर्चा में बना रहा।
इसी क्रम में स्वर्गीय बिसाहू दास महंत की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में कई दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान राजेश कुमार कश्यप को भी इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। ट्राइसाइकिल मिलते ही उनके चेहरे पर वर्षों बाद खुशी साफ दिखाई दी।
बताया जा रहा है कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के प्रयास और पहल के बाद यह मांग पूरी हो सकी। लंबे समय से संघर्ष कर रहे एक जरूरतमंद दिव्यांग को आखिरकार उसका अधिकार मिला, जिससे उसके दैनिक जीवन को बड़ी राहत मिलेगी।
यह केवल एक ट्राइसाइकिल का वितरण नहीं, बल्कि वर्षों से न्याय और सहायता की उम्मीद लगाए बैठे एक दिव्यांग की उम्मीदों की जीत है। अब स्थानीय लोगों ने भी अपेक्षा जताई है कि इसी तरह अन्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों को भी समय पर योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।


