बारिश, कीचड़ और टूटा पुल… फिर भी नहीं रुके कदम
कार छोड़ पैदल पहुंचे कलेक्टर कुणाल दुदावत, दूरस्थ गांवों में क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का किया निरीक्षण
कोरबा, लगातार हो रही बारिश के बीच कोरबा जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का जायजा लेने कलेक्टर कुणाल दुदावत स्वयं मौके पर पहुंचे। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के पनगंवा, सुखरीताल, हरदेवा और सरमा गांवों का दौरा कर उन्होंने बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तेज बारिश, कीचड़ और फिसलन भरे रास्तों के कारण कई स्थानों पर वाहन आगे नहीं बढ़ सके। इसके बावजूद कलेक्टर ने कार रास्ते में ही छोड़ दी और पैदल चलकर निरीक्षण स्थल तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त पुलों और पुलियों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कहा कि केवल अस्थायी मरम्मत पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए मजबूत और टिकाऊ निर्माण कार्य किया जाना चाहिए।
ग्राम सुखरीताल और हरदेवा के बीच क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश समाप्त होने के बाद वैज्ञानिक डिजाइन और पर्याप्त जल निकासी क्षमता वाले नए पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में बाढ़ और तेज बहाव से नुकसान की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
इसके बाद उन्होंने ग्राम पनगंवा में बकई नदी पर बने क्षतिग्रस्त पुल का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि पुल का बड़ा हिस्सा बह जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इस पर कलेक्टर ने पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता सी.एस. तँवर को बाढ़ आपदा राहत मद से प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ग्राम सरमा में लोक निर्माण विभाग की क्षतिग्रस्त पुलिया पर तत्काल मिट्टी भरकर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए गए, जबकि सुखरीताल में बारिश खत्म होते ही नई और अधिक मजबूत पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि विकास का अर्थ केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि ऐसा टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण निर्माण करना है जो वर्षों तक ग्रामीणों की जरूरतों को पूरा कर सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
भीम गंगा न्यूज़ के लिए यह दौरा इस बात का संकेत है कि प्रशासन दूरस्थ क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है।


