आर्थिक अभाव नहीं बनेगा प्रतिभा की राह में बाधा
गौरव ग्राम महंत की प्रतिभावान छात्रा संध्या सूर्यवंशी का CGPSC कोचिंग के लिए विजन एकेडमी जांजगीर में प्रवेश
जांजगीर। प्रतिभा किसी आर्थिक परिस्थिति की मोहताज नहीं होती, जरूरत है उसे सही अवसर और मार्गदर्शन देने की। इसी सोच को साकार करते हुए गौरव ग्राम महंत की प्रतिभावान छात्रा संध्या सूर्यवंशी का CGPSC परीक्षा की तैयारी के लिए विजन एकेडमी जांजगीर में प्रवेश कराया गया।
इस सराहनीय पहल के लिए विजन एकेडमी जांजगीर के डायरेक्टर डॉ. संजय कुमार ने सहयोगी शिक्षकों एवं समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जी.बी. कॉन्ट्रैक्शन, सीपत के संचालक इंजीनियर गोकुल विर्जसन सहित ग्राम महंत के उत्कृष्ट शिक्षकगण डॉ. महावीर विर्जसन, डॉ. सनत करियारे, डॉ. मनोज प्रधान, श्री सुरेश हंस, श्री कृष्णा हंसराज, श्री के.के. कौशिक , डॉ. मकरम कमलाकर, श्री किशन सूर्यवंशी एवं श्रीमती विनीता प्रधान(संगठन सचिव – केन्द्रीय सूर्यवंशी समाज) उपस्थित रहे।
गरीब एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने की पहल
इंजीनियर गोकुल विर्जसन एवं ग्राम के शिक्षक साथियों द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने की यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की एक अनूठी मिसाल है।
इससे पूर्व भी शिक्षा सचिव डॉ. मनोज प्रधान एवं शिक्षक साथियों के सहयोग से प्रतिभावान छात्र सुरेश सूर्यवंशी का विजन एकेडमी जांजगीर में प्रवेश कराया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है।
डॉ. संजय कुमार की पुस्तकों का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान विजन एकेडमी जांजगीर के डायरेक्टर डॉ. संजय कुमार द्वारा लिखित पुस्तकों — छत्तीसगढ़ संपूर्ण अध्ययन, समसामयिकी तथा भारतीय संविधान एवं राजव्यवस्था — का विमोचन भी किया गया।
विजन एकेडमी प्रबंधन ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल कोचिंग प्रदान करना नहीं, बल्कि प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर देना भी है। आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी प्रभावित न हो, इसके लिए समाज के सक्षम लोगों और शिक्षकों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।










