Korba कटघोरा में राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Must read

कटघोरा में राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

 

 

 

 

 

 

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूटकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1 बजे तीन आरोपी बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल से राज ज्वेलर्स पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के वेश में था। आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने का बहाना बनाया और फिर दुकानदार को काउंटर तक बुलाया।

 

इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर दुकानदार की छाती पर तान दिया। आरोपियों ने मिर्च पाउडर डालने का भी प्रयास किया और बैग में आभूषण भरने लगे। तभी बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिससे घबराकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय वे अपना देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर तकनीक व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में लगातार दबिश दी।

 

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विष्णु प्रसाद राठिया अभी फरार है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

 

जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके थे। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और रिहाई के बाद उन्होंने लूट की योजना बनाई। इसी योजना के तहत चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल कर राज ज्वेलर्स में लूट का प्रयास किया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना कटघोरा और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी पुलिस अधीक्षक ने सराहना की।

More articles

Latest article