Korba खपरैल में छिपा था 10 फीट का किंग कोबरा, रात के अंधेरे में रेस्क्यू टीम ने ऐसे बचाई जान!

Must read

खपरैल में छिपा था 10 फीट का किंग कोबरा, रात के अंधेरे में रेस्क्यू टीम ने ऐसे बचाई जान!

 

 

 

 

 

 

 

 

कोरबा। रजगामार क्षेत्र के केसला गांव में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मगत राम के घर की बाड़ी में रखे खपरैल के ढेर में करीब 10 फीट लंबा किंग कोबरा दिखाई दिया। सांप उसी स्थान पर छिपा था, जहां परिवार का देव स्थल भी था। विशालकाय सांप को देखते ही परिवार में दहशत फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घरवालों ने समझदारी दिखाते हुए सांप को मारने या छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग के कमलेश कुम्हार और सूरज सिंदार को सूचना दी। साथ ही नोवा नेचर रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी को भी बुलाया गया।

खास बात यह रही कि जिस वक्त रेस्क्यू शुरू किया गया, पूरे गांव की बिजली बंद थी। घुप्प अंधेरे में खपरैल के बीच छिपे करीब 10 फीट लंबे किंग कोबरा को तलाशना और सुरक्षित निकालना रेस्क्यू टीम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। टॉर्च की रोशनी में टीम ने काफी सावधानी से खपरैल हटाया और आखिरकार विशालकाय किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

वन मंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश और उपवनमंडलाधिकारी रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी और बॉबी श्रीवास ने सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए सांप को सुरक्षित थैले में रखा। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर उसे उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

वन विभाग के प्रभारी कमलेश कुम्हार ने ग्रामीणों से अपील की कि घर या आसपास कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसे मारने या पकड़ने की कोशिश न करें। तत्काल वन विभाग या अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि इंसान और वन्यजीव दोनों की जान सुरक्षित रह सके।

केसला गांव की इस घटना में ग्रामीणों की सूझबूझ और रेस्क्यू टीम की सतर्कता से एक विशाल किंग कोबरा की जान बच गई। मौके पर सरपंच, वन विभाग के कर्मचारी और आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

More articles

Latest article