Korba मुकुंदपुर के सिद्ध बाबा पहाड़ में नागपंचमी महोत्सव, उमड़ा आस्था का जनसैलाब

Must read

मुकुंदपुर के सिद्ध बाबा पहाड़ में नागपंचमी महोत्सव, उमड़ा आस्था का जनसैलाब

 

 

 

 

 

करतला। कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुकुंदपुर स्थित सिद्ध बाबा पहाड़ में नागपंचमी के अवसर पर भव्य मेले और धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया गया। नागपंचमी के मौके पर यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लगातार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी।

 

कोरबा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर और जांजगीर-चांपा से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित इस धार्मिक स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भीड़ को देखते हुए करतला पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए और मेले में लगातार निगरानी रखी।

 

महोत्सव में जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष अशोक बाई कंवर, जिला पंचायत सदस्य सावित्री अजय कुमार और जनपद सदस्य अनसूया लखन राठौर सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

 

सिद्ध बाबा धाम में मानस रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। वहीं श्रद्धालुओं के लिए पहाड़ी पर स्थित सिद्ध बाबा की प्राचीन गुफा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। करीब 500 मीटर ऊंची दुर्गम पहाड़ी पर स्थित इस गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार सिद्ध बाबा की गुफा को लेकर कई धार्मिक मान्यताएं और जनश्रुतियां प्रचलित हैं। मान्यता है कि गुफा के भीतर कभी कई तालाब और कमल के फूल हुआ करते थे। पुरानी मान्यता के अनुसार नागपंचमी के अवसर पर गुफा के भीतर देवी-देवताओं के दर्शन होने की बात कही जाती है। इसी वजह से अब गुफा के बाहर ही भोग लगाया जाता है और वहीं स्थापित मूर्तियों की पूजा-अर्चना की जाती है।

 

मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गांव के युवाओं ने पार्किंग, सुरक्षा और सेवा व्यवस्था संभाली। युवा टीम पूरे दिन श्रद्धालुओं की मदद में जुटी रही।

 

बारिश के कारण मनोरंजन गतिविधियां कुछ प्रभावित जरूर हुईं, लेकिन धार्मिक आयोजनों में लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। नागपंचमी महोत्सव के दौरान मुकुंदपुर और सिद्ध बाबा पहाड़ का पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया।

More articles

Latest article