उरगा पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 मोटरसाइकिलें बरामद
हीरो शोरूम की छत तोड़कर नई बाइक और 15 बैटरियां चोरी करने का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग निरुद्ध
कोरबा। जिले की उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए अंतरजिला बाइक चोरी गिरोह पर कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक बाइक का साइलेंसर बरामद किया गया है। इनमें दो मोटरसाइकिलें कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र और दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी को निशाना बनाया गया था। 10 अक्टूबर 2026 को दुकान की छत का टीन और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर एक नई बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल तथा एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बरपाली के भट्ठी रोड पर घेराबंदी कर शुभम कुमार कंवर और विनय कुमार कंवर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। पुलिस ने मोटरसाइकिल और उसका साइलेंसर बरामद कर लिया। आरोपियों ने बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंकने की बात बताई।
दूसरे मामले में 25 अक्टूबर की शाम भैसमा चौक के पास सड़क किनारे खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 चोरी हो गई थी। वाहन मालिक करीब एक घंटे बाद लौटा तो बाइक गायब मिली। शिकायत पर जांच करते हुए पुलिस ने सागौन बाड़ी, भैसमा के पास घेराबंदी कर महेन्द्र चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में भैसमा बाजार से बाइक चोरी करने की बात सामने आई।
दोनों मामलों की विवेचना के दौरान आरोपियों से सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई दो अन्य मोटरसाइकिलों की जानकारी भी मिली। पुलिस ने उन्हें भी बरामद कर लिया। इस तरह कार्रवाई में कुल चार मोटरसाइकिलें और एक साइलेंसर जब्त किया गया है। बरामद वाहनों की कुल कीमत का उल्लेख पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में नहीं किया गया है।
पहले मामले में शुभम कुमार कंवर, निवासी ठरकपुर पुरैना, थाना उरगा, और विनय कुमार कंवर, निवासी पुराना रिस्दा, बालको, स्थायी पता पचपेड़ी, थाना उरगा, को गिरफ्तार किया गया। दूसरे मामले में महेन्द्र चौहान, निवासी नगरदा, जिला सक्ती, को गिरफ्तार किया गया तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया। तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी है।











