कोरबा खनिज विभाग की सख्ती के बीच उरगा क्षेत्र से धड़ल्ले से गुजर रहे रेत के वाहन

Must read

खनिज विभाग की सख्ती के बीच उरगा क्षेत्र से धड़ल्ले से गुजर रहे रेत के वाहन

 

 

 

 

 

 

 

कोरबा, जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज उड़नदस्ता दल ने सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, कुसमुंडा और कटघोरा क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 9 वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों में रेत, गिट्टी एवं ईंट का अवैध परिवहन करने वाले ट्रैक्टर, टीपर और हाइवा शामिल हैं।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

हालांकि, कार्रवाई के बीच कई सवाल भी उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा, ग्राम पंचायत भैसामुंडा और देवरामाल के आसपास से प्रतिदिन दर्जनों रेत से भरे वाहन कथित रूप से गुजर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर लंबे समय से अवैध रेत परिवहन जारी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब जिले के अन्य क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर वाहन जब्त किए जा रहे हैं, तो उरगा क्षेत्र में भी समान रूप से सख्त अभियान चलाया जाना चाहिए। उनका मानना है कि यदि यहां नियमित जांच और कार्रवाई की जाए, तो अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को भी रोका जा सकता है।

अब लोगों की निगाहें प्रशासन और खनिज विभाग पर टिकी हैं कि क्या उरगा थाना क्षेत्र में कथित रूप से जारी अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध भी जल्द सख्त कार्रवाई होगी, या फिर यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा।

More articles

Latest article