कोरबा हाथी-मानव द्वंद्व रोकने चोटिया पहुंचे अपर मुख्य सचिव, हाथी मित्र दल के साथ की गश्त

Must read

हाथी-मानव द्वंद्व रोकने चोटिया पहुंचे अपर मुख्य सचिव, हाथी मित्र दल के साथ की गश्त

 

 

 

 

 

 

 

 

कोरबा, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुवा ने गुरुवार को कोरबा जिले के हाथी नियंत्रण केंद्र, चोटिया का निरीक्षण कर हाथियों की निगरानी व्यवस्था और मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्री पिंगुवा ने हाथी मित्र दल के सदस्यों के साथ जंगल क्षेत्र में गश्त की तथा हाथियों की वर्तमान गतिविधियों, विचरण मार्गों और निगरानी तंत्र की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और हाथी मित्र दल के साथ बैठक कर कहा कि मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं को रोकने के लिए हाथियों की सतत निगरानी, समय पर सूचना का आदान-प्रदान और ग्रामीणों को तत्काल सतर्क करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जनहानि और फसल नुकसान जैसी घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके।

अपर मुख्य सचिव ने हाथी मित्र दल की सराहना करते हुए कहा कि वन विभाग और ग्रामीणों के बीच समन्वय स्थापित करने में यह दल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सदस्यों से पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से हाथी मित्र दल के सदस्यों को टॉर्च एवं पानी की बोतलों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर कटघोरा वनमंडल अधिकारी (डीएफओ) श्री कुमार निशांत सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

More articles

Latest article