कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा, डिवाइडर से टकराते ही ट्रेलर में लगी भीषण आग
कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पुराना पहंदा के पास देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार कोरबा की ओर से आ रहा कोयला लोड ट्रेलर वाहन क्रमांक CG10 BG 8969 अनियंत्रित होकर डिवाइडर के बीच जा घुसा। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डिवाइडर से टकराते ही ट्रेलर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह जलने लगा। हादसे में ट्रेलर का इंजन और सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टायर सहित कई हिस्से जलकर खाक हो गए।
बताया जा रहा है कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद ट्रेलर घंटों तक जलता रहा। स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंची टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फिलहाल चालक कहां का रहने वाला है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। रात का समय होने के कारण पहचान करने में दिक्कत आ रही है।
वहीं स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर लगी स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइटें अक्सर बंद रहती हैं। ग्रामीणों के मुताबिक अंधेरा होने के कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने सड़क पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग की है।
हालांकि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन समय रहते चालक के बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।


