दीपका यूनियन बैंक में सेंधमारी का प्रयास विफल, हरियाणा के दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक, प्रगतिनगर में दीवार तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए हरियाणा के रोहतक से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने यूनियन बैंक की पीछे की दीवार तोड़कर बैंक के अंदर प्रवेश करने और चोरी करने का प्रयास किया था। घटना की सूचना बैंक शाखा प्रबंधक द्वारा थाना दीपका में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(4) एवं 62 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। लगातार जांच के बाद पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतेन्द्र बड़क (33 वर्ष), पिता रामपाल बड़क एवं परवीन कुमार (36 वर्ष), पिता संतलाल, दोनों निवासी रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त की गई।
पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लेकर आई, जहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तत्काल अपने निकटतम थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


