कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के “माय भारत युवा कार्यक्रम” के अंतर्गत 2 अगस्त 2026 को जिले में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ किया जाएगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, कोरबा में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक संपन्न होगा।
इस अभियान के तहत “नशा मुक्त भारत अभियान-2026” को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हजारों युवा “नशामुक्त युवा – नशामुक्त भारत” का संकल्प लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रहेगी कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों पर जुड़े युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे और नशामुक्त भारत के लिए युवाओं का आह्वान करेंगे।
प्रशासन ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नशामुक्त भारत के इस जन अभियान को सफल बनाने की अपील की है।


