“रेत तस्करी ने ली युवक की जान: प्रतिबंध के बावजूद सोन नदी से जारी अवैध खनन, ट्रैक्टर पलटने से एक की मौत, दो गंभीर”
कोरबा जिले में नदी-नालों से रेत निकासी पर प्रशासन द्वारा भले ही पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। अवैध रेत खनन का कारोबार लगातार जारी है और अब इस खेल ने एक युवक की जान भी ले ली है।
मामला मड़वारानी का है, जहां कुछ लोग सोन नदी से ट्रैक्टर में अवैध रूप से रेत निकालकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम जरवे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 29 वर्षीय शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जबकि चालक अमित कुमार समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शिवकुमार को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिले में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लागू है, तो आखिर सोन नदी समेत आसपास के क्षेत्रों में खुलेआम रेत तस्करी कैसे जारी है? लगातार अवैध खनन के बावजूद जिम्मेदार विभागों की चुप्पी अब कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर कब लगेगी इस अवैध कारोबार पर रोक


