गेवरा मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, एक्टिवा और बाइक की टक्कर के बाद भारी वाहन की चपेट में आए युवक-युवती, दोनों की दर्दनाक मौत
कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसमुंडा–गेवरा मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर भारी वाहन के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक्टिवा सवार युवती को भी गंभीर चोटें आईं और उसने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112, संजीवनी वाहन और कुसमुंडा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतक युवक और युवती की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
भीड़भाड़ वाले मुख्य मार्ग पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











