*सांसद ज्योत्सना महंत ने वेदांता एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को लिखा पत्र, ट्रांसपोर्ट नगर रेल्वे क्रासिंग चौक को न बनाए रेल यार्ड*
ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी मालगाड़ियों से बढ़ी समस्या, कार्रवाई की मांग*
कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे क्रॉसिंग पर कोयले से भरी मालगाड़ियों के लंबे समय तक खड़े रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यह क्षेत्र शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है, लेकिन मालगाड़ियों के खड़े रहने से आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, बाल्को स्थित वेदांता एल्यूमिनियम कंपनी में रेल के माध्यम से कोयले का परिवहन किया जाता है। हालांकि, कई बार बिना स्पष्ट कारण या अत्यधिक लोडिंग के चलते मालगाड़ियां रेलवे क्रॉसिंग पर ही रुक जाती हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है।
इस मुद्दे को लेकर सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि प्लांट के अंदर रेलवे लाइन क्लीयर नहीं है या अधिक लोड के कारण ट्रेन खींचने में दिक्कत हो रही है, तो डबल इंजन की व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही, ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे क्रॉसिंग को किसी भी स्थिति में रेल यार्ड के रूप में उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और यातायात सुचारु बना रहे।









