OB मिट्टी के मलबे में फंसी कार और बस, बारिश होते ही सड़क पर बहकर आता है मलबा; जिम्मेदारों पर सवाल
कोरबा। सर्वमंगला-दुरपा-कनबेरी मार्ग पर तेज बारिश एक बार फिर आफत बनकर सामने आई है। बारिश के बाद OB मिट्टी का मलबा तेज बहाव के साथ सड़क पर आ गया, जिसके चलते सड़क पर करीब एक से दो फीट तक मलबा जमा हो गया और इसमें कार व बस फंस गईं। फंसे वाहनों को निकालने के लिए मौके पर प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या आज की नहीं है। जब भी तेज बारिश होती है, पहाड़ से मिट्टी कटकर पानी के तेज बहाव के साथ सड़क पर पहुंच जाती है। कई बार सड़क पर एक फीट या उससे ज्यादा मलबा जमा हो जाता है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है। यही नहीं, मलबे और फिसलन के कारण वाहन चालक कई बार दुर्घटना का भी शिकार हो चुके हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि बार-बार सामने आ रही इस समस्या के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया? आखिर बारिश होते ही मिट्टी सड़क पर क्यों पहुंच रही है और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले यहां पहाड़ी क्षेत्र था और पहाड़ के किनारे सड़क के साथ नाला भी मौजूद था, जिससे बारिश का पानी व्यवस्थित तरीके से निकल जाता था। लेकिन बाद में पहाड़ की मिट्टी की कटिंग कर क्षेत्र को समतल किया गया। इस दौरान निकली मिट्टी को दूसरी जगह डंप करने के साथ-साथ रेलवे क्रॉसिंग के निर्माण कार्य में भी इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रही है।
अब स्थिति यह है कि पहाड़ी हिस्से की मिट्टी कटाव के कारण बारिश का पानी अपने साथ मिट्टी बहाकर सीधे मुख्य सड़क तक ला रहा है। नतीजा—सड़क पर मलबा, वाहनों की आवाजाही प्रभावित और हर बारिश में हादसे का खतरा।
अब सवाल यह उठता है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? क्या इस मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए सुरक्षा दीवार, नाला या पानी की निकासी की कोई ठोस व्यवस्था की जाएगी?
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि तत्काल सड़क से मलबा हटाने के साथ-साथ मिट्टी के कटाव और बारिश के पानी की निकासी का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि हर बारिश में आम लोगों की जान जोखिम में न पड़े।










