कोरबा रिंग रोड पर खौफनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे, बाल-बाल बची जान

Must read

 कोरबा रिंग रोड पर भीषण हादसा टला: ट्रेलर से टक्कर के बाद बाइक का अगला हिस्सा 100-150 मीटर दूर जा गिरा

 

 

 

 

 

 

 

 

कोरबा। कोरबा रिंग रोड पर ग्राम पंचायत परीपानी के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उरगा की ओर से बालको जा रहा ट्रेलर क्रमांक CG 10 CD 8970 और बालको की ओर से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BN 2136 के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार मनीष कंवर, निवासी ग्राम पंचायत केरवालद्वारी, करतला ब्लॉक, नशे की हालत में बाइक चला रहा था। इसी दौरान सड़क पर मौजूद गड्ढे से बाइक टकराने के बाद उसका संतुलन बिगड़ गया और बाइक सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा करीब 100 से 150 मीटर दूर जाकर गिरा। वहीं ट्रेलर चालक ने बाइक को बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते ट्रेलर सड़क किनारे जा घुसा और वाहन को भी काफी नुकसान हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर की रफ्तार भी काफी तेज होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। अगर ट्रेलर की गति कम होती तो संभवतः टक्कर का असर इतना गंभीर नहीं होता। घटना के समय दोनों वाहनों के चालकों के नशे में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर के बावजूद किसी की जान नहीं गई और बड़ा जनहानि वाला हादसा टल गया। घटना के बाद एक बार फिर रिंग रोड पर तेज रफ्तार भारी वाहनों और नशे में वाहन चलाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रिंग रोड पर भारी वाहन चालकों को गति पर नियंत्रण रखना चाहिए, क्योंकि तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाना किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

More articles

Latest article